आयुष्मान भारत निरामयम् योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बन रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को गंभीर बीमारियों के उपचार की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।

बडी संख्या में नागरिकों को इस योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई है, श्योपुर जिले में 4 लाख 10 हजार 807 लोगों के आयुष्मान कार्ड अभी तक बनाये जा चुके है, जिनका लाभ लोगों को मिल रहा है, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह योजना वरदान बन गई है।

ऐसे ही एक हितग्राही श्योपुर जिले के ग्राम मूंडला निवासी श्री बृजमोहन मीणा के लिए भी आयुष्मान कार्ड उस समय बड़ा सहारा बना, जब उन्हें हृदय संबंधी गंभीर समस्या के उपचार के लिए सर्जरी की आवश्यकता पड़ी।

श्री बृजमोहन मीणा को हार्ट से संबंधित समस्या होने पर चिकित्सकों द्वारा हृदय की सर्जरी कराने की सलाह दी गई। परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता उपचार के खर्च को लेकर थी, क्योंकि हृदय की सर्जरी और अस्पताल में उपचार का खर्च सामान्य परिवार के लिए काफी अधिक हो सकता है। इसी दौरान श्री बृजमोहन मीणा के पास उपलब्ध आयुष्मान कार्ड उनके लिए मददगार साबित हुआ।

आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के अंतर्गत उन्हें कोटा स्थित निजी अस्पताल में हृदय की सर्जरी एवं उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क प्राप्त हुई। चिकित्सकों द्वारा सफलतापूर्वक उनकी हार्ट सर्जरी की गई। उपचार के दौरान अस्पताल में भर्ती रहने, आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया एवं सर्जरी से संबंधित खर्च योजना के अंतर्गत कवर हुआ, जिससे श्री बृजमोहन मीणा और उनके परिवार पर उपचार का कोई आर्थिक भार नहीं आया।

श्री बृजमोहन मीणा बताते हैं कि बीमारी के समय परिवार के सामने इलाज को लेकर चिंता थी, लेकिन आयुष्मान कार्ड होने के कारण उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सका। उन्होंने बताया कि यदि आयुष्मान कार्ड की सुविधा नहीं होती, तो इतनी बड़ी सर्जरी का खर्च वहन करना परिवार के लिए मुश्किल होता। योजना के कारण उन्हें बिना किसी आर्थिक परेशानी के उपचार मिल सका और अब वे स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे है।

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बहुत उपयोगी साबित हो रही है। श्री बृजमोहन मीणा ने इस जनकल्याणकारी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड ने उनके कठिन समय में उपचार का रास्ता आसान किया और उन्हें आर्थिक चिंता से मुक्त रखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई।

श्री बृजमोहन मीणा की यह कहानी बताती है कि आयुष्मान कार्ड केवल एक कार्ड नहीं, बल्कि जरूरत के समय परिवार के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। गंभीर बीमारी की स्थिति में समय पर उपचार मिलना और उपचार का खर्च योजना के माध्यम से कवर होना जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है। आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के माध्यम से सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का लाभ श्योपुर जिले के पात्र हितग्राहियों को भी मिल रहा है।