कटनी (23 अक्टूबर) - युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी द्वारा गोद ग्राम गुलवारा, गनियारी में जन-जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, ग्राम सेवा, रस्साकशी प्रतियोगिता, नशामुक्ति शपथ और युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर से ग्राम गुलवारा तक जागरूकता रैली निकाली गई। विधायक श्री संदीप प्रसाद जायसवाल, ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती सुजाता बाई, जनपद सदस्य श्री पन्नालाल हल्दकार, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात और जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों और एनसीसी कैडेट्स ने भाग लेकर ग्रामीणों को नशामुक्ति का संदेश दिया। ग्राम गुलवारा स्थित विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने परिवार एवं मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री संदीप प्रसाद जायसवाल ने युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी नशामुक्ति का संदेश फैलाएं। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त और जागरूक युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत परंपरागत खेल दिवस पर रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके माध्यम से युवाओं को शारीरिक सक्रियता, अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम भावना का महत्व बताया गया। साथ ही भारतीय परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने और इनके माध्यम से सांस्कृतिक विरासत एवं सामुदायिक एकता को मजबूत बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। जनप्रतिनिधियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ली। युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डॉ. विमला मिंज, डॉ. अमिताभ पाण्डेय, उपसरपंच श्री तुलसीदास चौबे, डॉ. संजय भारद्वाज, डॉ. शिल्पी कुमारी सिंह, डॉ. प्रतिमा सिंह, श्रीमती रिचा दुबे, श्रीमती रश्मि सिंह, श्री भीम बर्मन, श्री प्रेमलाल कॉवरे एवं डॉ. आंजनेय तिवारी सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।