कटनी (10 नवंबर) – पिछड़ा वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के आधिकारिक पोर्टल "MP ऑनलाइन पोर्टल" (https://mpom.mp.gov.in) पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, चयन के मापदंड एवं अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले सभी नियम एवं शर्तों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के अंतर्गत कुल 50 निर्धारित सीटों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके साथ ही चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 10 प्रतिशत अतिरिक्त अभ्यर्थियों की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया के पहले चरण में एक माह तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को फ्रीज कर उनकी जांच एवं चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एक माह की अवधि पूरी होने पर पोर्टल एक दिन के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इसके बाद दूसरे चरण की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों पर तभी विचार किया जाएगा, जब पहले चरण की चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित सीटें रिक्त रहेंगी। सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कटनी ने पात्र विद्यार्थियों से योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।



