मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली मध्यप्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 भोपाल के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं प्रदेश में हॉकी खेल के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विजेता टीम को प्रदान की जाने वाली ट्रॉफी का प्रदेश के सभी 10 संभागों में भ्रमण कराया जा रहा है। इसी क्रम में ट्रॉफी 14 नवंबर 2026 को अपराह्न में मुरैना पहुंचेगी।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बरखेड़ा नाथू, भोपाल में किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित हॉकी प्रतियोगिता के प्रति आमजन में उत्साह एवं जागरूकता बढ़ाने के लिए 10 से 18 नवंबर तक प्रदेश के सभी 10 संभागों में ट्रॉफी टूर आयोजित किया जा रहा है।
ट्रॉफी का 14 नवंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, मुरैना में आगमन होगा। यहां जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों द्वारा ट्रॉफी का आत्मीय स्वागत किया जाएगा। स्वागत कार्यक्रम के पश्चात ट्रॉफी रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम से प्रारंभ होकर एम.एस. रोड, राधिका पैलेस चौराहा, पुलिस पेट्रोल पंप, पुलिस परेड ग्राउंड, के.आई.पी. रोड, एस.पी. ऑफिस एवं ए.बी. रोड होते हुए ग्वालियर के लिए रवाना होगी।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त समाजसेवियों, खेल संगठनों, खिलाड़ियों, दिव्यांगजनों, युवाओं एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी के मुरैना आगमन पर अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस गौरवपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनें तथा ट्रॉफी का उत्साहपूर्वक स्वागत कर प्रदेश में हॉकी खेल को प्रोत्साहित करने में सहभागी बनें।



