विजयादशमी के अवसर पर आज पुलिस लाइन परिसर में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने पूरे विधि- विधान साथ मंत्रोच्चार के बीच हवन-अनुष्ठान कर शस्त्रों की पूजा की।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, सांसद श्री आशीष दुबे, महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ' अन्नू ', विधायक श्री अशोक रोहाणी, श्री नीरज सिंह ठाकुर, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर, डीआईजी श्री अतुल सिंह, कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय, अपर कलेक्टर श्री रविशंकर राय एवं श्री शैलेंद्र सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
इसके पहले मंत्री श्री राकेश सिंह ने नगर निगम कार्यालय के सामने स्थित महाराणा प्रताप परिसर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, मध्यप्रदेश तथा रानीताल स्थित महाराणा प्रताप भवन में क्षत्रिय सभा द्वारा आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रमों में सहभागिता की। इन कार्यक्रमों में भी विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया गया। इस अवसर पर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ' अन्नू ' सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्रों की पूजा हमारी संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की प्राचीन परंपरा और संस्कृति में शास्त्र एवं शस्त्र दोनों के पूजन का विधान है। प्राचीन काल से ही शासन व्यवस्था के सुचारू संचालन और नागरिकों के विधि-विधान के अनुसार आगे बढ़ने के लिए शास्त्रों का मार्गदर्शन आवश्यक रहा है। वहीं, विधि के अनुसार नहीं चलने वालों के लिए शस्त्रों की आवश्यकता भी होती है। इसलिए हमारी परंपरा में शास्त्र और शस्त्र दोनों के पूजन का विधान है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से पुलिस के पास शास्त्र और शस्त्र की रक्षा करने का अधिकार है। पुलिस का दायित्व उन लोगों की रक्षा करना भी है, जो संविधान और शासन के दायरे में रहकर कार्य करते हैं।




