गंभीर बीमारी के उपचार का खर्च अक्सर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी चिंता का कारण बन जाता है। ऐसे समय में "आयुष्मान भारत योजना" जरूरतमंद परिवारों के लिए मददगार सिद्ध हो रही है। खंडवा के किशोर नगर निवासी 59 वर्षीय श्री अरविंद सिंह के लिए भी "आयुष्मान" योजना मुश्किल समय में बड़ी राहत लेकर आई है।

अरविंद बताते हैं कि वे पिछले 3 से 4 वर्षों से किडनी की बीमारी से संघर्ष कर रहे हैं। बीमारी के कारण उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस करवाना पड़ता है। वे मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय, खंडवा में सप्ताह में 3 बार डायलिसिस करवाते हैं। अरविंद सिंह के पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण उन्हें डायलिसिस के साथ-साथ योजना के अंतर्गत मिलने वाली अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यक दवाइयां निःशुल्क प्राप्त हो रही हैं।

इससे उन्हें नियमित उपचार के खर्च की चिंता से काफी राहत मिली है। अरविंद बताते हैं कि यदि आयुष्मान योजना का सहारा ना मिला होता, तो इलाज के खर्चे से वह अब तक बर्बाद हो चुके होते। आयुष्मान योजना के लिए अरविंद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव का आभार प्रकट करते हैं।

साथ ही वे जिला अस्पताल के डॉक्टर्स और स्टाफ के व्यवहार और स्वभाव की भी सराहना करते हैंजिला

अस्पताल की डायलिसिस यूनिट मरीजों के लिये बनी वरदान

मेडिसिन विभाग के प्राध्यापक एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. रंजीत बडोले ने बताया कि मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय, खंडवा में विगत 10 वर्षों में लगभग 27 हजार मरीजों को डायलिसिस की सुविधा प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यूनिट में 7 डायलिसिस मशीनें उपलब्ध हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन लगभग 10 से 15 मरीजों का डायलिसिस किया जाता है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्डधारी मरीजों को डायलिसिस के साथ काउंसलिंग एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।