लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल एवं समग्र शिक्षा सेकेंडरी एजुकेशन द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में जिले के पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों के चिकित्सकीय मूल्यांकन एवं उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 से 21 नवंबर 2026 तक विकासखंड स्तरीय मेडिकल असेसमेंट शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों की दिव्यांगता का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण एवं मूल्यांकन किया जाएगा, जिससे उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुगम हो सकेगी।

निर्धारित तिथियों में अलग-अलग विकासखंडों में होंगे शिविर- मेडिकल असेसमेंट शिविरों का आयोजन प्रातः 8 बजे से शिविर की समाप्ति तक किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 नवंबर सोमवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छिंदवाड़ा में आयोजित शिविर में छिंदवाड़ा, परासिया एवं मोहखेड़ विकासखंड के विद्यार्थियों का परीक्षण किया गया।

इसी क्रम में 17 नवंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरवाड़ा में अमरवाड़ा एवं हर्रई, 18 नवंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुन्नारदेव में जुन्नारदेव एवं तामिया तथा 19 नवंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिछुआ में बिछुआ विकासखंड के विद्यार्थियों के लिए शिविर आयोजित होगा।

इसी प्रकार 20 नवंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चौरई में चौरई विकासखंड तथा 21 नवंबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सौंसर में सौंसर एवं पांढुर्णा विकासखंड के विद्यार्थियों का मेडिकल असेसमेंट किया जाएगा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा स्वास्थ्य परीक्षण- शिविरों में मेडिसिन, अस्थि रोग, नेत्र रोग, सर्जरी, ईएनटी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं मेडिकल मूल्यांकन किया जाएगा। इसके साथ ही नेत्र सहायकों तथा दिव्यांग बोर्ड की टीम की भी आवश्यक दस्तावेजों, फार्म एवं सील सहित ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि मूल्यांकन संबंधी कार्यवाही व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

दिव्यांग विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की पहल- इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों की दिव्यांगता का चिकित्सकीय मूल्यांकन कर उनकी व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाना है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा संबंधित विकासखंडों के अधिकारियों, प्राचार्यों एवं विद्यालयों को निर्धारित तिथि एवं स्थान पर शिविरों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक समन्वय एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।