कलेक्टर श्री रत्नाकर झा के निर्देशानुसार में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, अनूपपुर के तत्वावधान में जल संचय अभियान के अंतर्गत विकासखंड जैतहरी के सेक्टर क्रमांक-05 के ग्राम रक्सा स्थित बांका घाट (झिटकू नाला) में बोरी बन्धान कार्य संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य वर्षा जल का संचयन, भूजल स्तर में वृद्धि तथा जल के बहाव को नियंत्रित कर स्थानीय जल स्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन करना था। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत अध्ययनरत समाज कार्य स्नातकोत्तर एवं स्नातक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
बोरी बन्धान कार्य में सभी सहभागियों ने सामूहिक रूप से योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को वर्षा जल के संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के मितव्ययी उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही आमजन से जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में परामर्शदाता श्री अनिल सिंह परिहार, ग्राम पंचायत उपसरपंच श्रीमती रामकली, श्री काली सिंह, श्री लाल सिंह परस्ते, रोजगार सहायक श्री मेल सिंह, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष श्रीमती गीता सिंह सहित समिति के सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
सामूहिक श्रमदान से संपन्न यह कार्य ग्रामीण क्षेत्र में जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। सहभागियों ने जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।






