रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल लाइन पर चुरहट तक रेल संचालन का सफल ट्रायल संपन्न होने के बाद अब 24 अक्टूबर को चुरहट से देवेंद्र नगर के लिए मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। चुरहट से पहली बार ट्रेन का संचालन शुरू होने जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में उत्साह है।
प्रस्तावित शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
चुरहट तक रेल लाइन का सफल ट्रायल पूरा होने के बाद ट्रेन संचालन शुरू होना क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम है। मेमू ट्रेन सेवा शुरू होने से चुरहट एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन द्वारा शुभारंभ कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

