नीमच तहसील के सगराना गांव में 3,500 करोड़ रुपये के निवेश से गोल्ड क्रेस्ट सीमेंट प्लांट का निर्माण चल रहा है। कंपनी के अनुसार, इसका संचालन आगामी मई से शुरू करने की योजना है और परियोजना से 2 हजार से अधिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत खनिज संसाधन विभाग के प्रमुख सचिव विवेक कुमार पोरवाल ने शुक्रवार को निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति, प्रस्तावित उत्पादन क्षमता, अधोसंरचना और आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली।

खास बातें

  • परियोजना में 3,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित
  • प्रतिदिन 10 हजार टन क्लिंकर और 11 हजार टन सीमेंट क्षमता
  • चार जल-संचयन तालाबों की कुल क्षमता करीब 60 हजार घन मीटर

रोजाना 11 हजार टन सीमेंट उत्पादन का प्रस्ताव

कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि करीब 115 हेक्टेयर में विकसित हो रहा यह इंटीग्रेटेड सीमेंट प्लांट होगा। इसमें प्रतिदिन लगभग 10 हजार टन क्लिंकर और 11 हजार टन सीमेंट उत्पादन की क्षमता प्रस्तावित है।

परिसर में लाइमस्टोन क्रशर, रॉ मिल, बैगिंग और बिजली से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ श्रमिकों के लिए आवासीय कॉलोनी, स्कूल और बाजार विकसित किए जा रहे हैं। कंपनी ने मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान और गुजरात को भी लक्षित बाजार बताया है।

30 प्रतिशत जमीन पर हरित क्षेत्र की योजना

परियोजना की लगभग 30 प्रतिशत आवंटित भूमि को हरित क्षेत्र बनाने की योजना है। वर्षा जल संरक्षण के लिए चार तालाब बनाए जा रहे हैं, जिनकी कुल क्षमता करीब 60 हजार घन मीटर बताई गई है; सीवेज और अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

प्रमुख सचिव ने जल संरक्षण, हरित क्षेत्र और पर्यावरण प्रबंधन के उपायों को दीर्घकालिक बनाने को कहा। उन्होंने समीप के ताप विद्युत संयंत्र से मिलने वाली फ्लाई ऐश का सीमेंट उत्पादन में अधिकतम संभव उपयोग करने और उसके वैज्ञानिक निस्तारण पर ध्यान देने का सुझाव दिया।

रेल और बिजली कनेक्टिविटी पर समन्वय

कंपनी ने भूमि अधिग्रहण, माइनिंग ब्लॉक्स के लिए एमपीडीए विस्तार, 132 केवी ट्रांसमिशन लाइन और जावद रोड क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी से जुड़े विषय रखे। प्रमुख सचिव ने अधिकारियों और कंपनी को परियोजना की जरूरतों के अनुसार नियमानुसार समन्वय से काम करने तथा निर्माण में गुणवत्ता, समयबद्धता, सुरक्षा और स्थानीय रोजगार को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।