विजयादशमी के अवसर पर नरसिंहपुर ब्लॉक के ग्राम बहोरीपार कलां और करेली ब्लॉक के ग्राम ढाना में माय भारत के वालंटियर्स ने नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया। स्थानीय उत्सव समितियों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रमों में रावण दहन से पहले ग्रामीणों और युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। इस दौरान रावण के पुतले पर ‘नशा’ लिखकर उसके दहन के माध्यम से समाज को व्यसनमुक्त बनाने का संदेश दिया गया।

बहोरीपार कलां में स्वस्थ समाज का संदेश

नरसिंहपुर ब्लॉक के ग्राम बहोरीपार कलां में महावीर दुर्गा मंडल एवं माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। माय भारत वालंटियर कालूराम विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ और व्यसनमुक्त समाज ही सशक्त एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव है। युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, सकारात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम में संजय पटेल, बलराज पटेल, शिवराज ठाकुर, मनोज सेन, सागर ठाकुर, दीपक पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और युवा उपस्थित रहे।

ढाना में नशे को बताया समाज का असली रावण

करेली ब्लॉक के ग्राम ढाना के कुटी मोहल्ला में नवदुर्गा उत्सव समिति एवं माय भारत के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। माय भारत वालंटियर पंकज कुशवाहा ने कहा कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। वर्तमान समय में नशा समाज को खोखला करने वाली गंभीर बुराई है। युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में बर्बाद करने के बजाय शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। कार्यक्रम में अभिषेक कुशवाहा, भोजराज कुशवाहा, अंकित, जितेंद्र, अर्जुन, अनिल, कढोरीलाल, गजेंद्र सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। दोनों गांवों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों और युवाओं को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।