झाबुआ जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में हुई। प्रशासन ने अगले 30 दिनों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, रक्तदान और पौधरोपण से जुड़ी 14 प्रमुख गतिविधियां आयोजित करने की कार्ययोजना बनाई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अभियान की कार्ययोजना पुस्तिका और कैलेंडर का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि गतिविधियां जनभागीदारी से संचालित की जाएंगी और योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को चिह्नित कर लाभ दिलाने के प्रयास होंगे।

खास बातें

  • एक लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच और एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
  • 7 से 9 अक्टूबर तक अरविंदो कॉलेज के सहयोग से मेगा स्वास्थ्य शिविर
  • 13 स्व-सहायता समूहों को कुल 102.40 लाख रुपये के ऋण के डेमो चेक

स्वास्थ्य जांच से स्वच्छता तक तय किए लक्ष्य

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के अनुसार अभियान में करीब एक लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच और एक लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य है। अरविंदो कॉलेज के सहयोग से 7, 8 और 9 अक्टूबर को मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने हैं, जबकि 2 अक्टूबर को लगभग 500 स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

‘जीवन धारा’ अभियान में 14 जून से अब तक करीब 750 यूनिट रक्त संग्रहित होने की जानकारी दी गई। अगले 30 दिनों में इसे अतिरिक्त 1000 यूनिट तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है और जनजातीय क्षेत्रों में रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर भी जोर रहेगा।

जिले में करीब सात लाख दीप जलाने का लक्ष्य भी रखा गया है, जिसमें योजनाओं के हितग्राहियों की भागीदारी होगी। 11 प्रमुख स्थानों पर विशेष दीप प्रज्ज्वलन और 7 अक्टूबर को तीनों विधानसभा क्षेत्रों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ की गतिविधियां प्रस्तावित हैं।

स्वरोजगार के लिए ऋण सहायता

कार्यक्रम में ग्रामीण आजीविका मिशन के 13 स्व-सहायता समूहों को सिलाई, किराना, पशुपालन और कृषि गतिविधियों के लिए कुल 102.40 लाख रुपये के ऋण के डेमो चेक दिए गए। आटा चक्की, परिवहन सेवा, मोबाइल दुकान, सेंट्रिंग कार्य, पेवर ब्लॉक और सीमेंट ब्लॉक व्यवसाय के लिए भी अलग-अलग योजनाओं के तहत हितग्राहियों को डेमो चेक प्रदान किए गए।

पीएम स्वनिधि योजना में अफजल और मनीष चौहान को स्ट्रीट वेंडर गतिविधि के लिए 15-15 हजार रुपये के स्वीकृति पत्र मिले। रक्तदान करने वाले दस लोगों को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

प्रदर्शनी में योजनाओं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी

कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी में आजीविका उत्पाद, जनजातीय आभूषण, आंगनवाड़ी सेवाएं, पोषण, आयुर्वेद, प्राकृतिक खेती, खाद्य प्रसंस्करण और पशुपालन योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान 18 नाट्य दलों की गतिविधियां होंगी और हितग्राहियों की करीब 1000 ‘सेवा की कहानियां’ संकलित करने की योजना है।